धर्मकोट के पास गांव कड़्यिाल में रविवार की देर शाम अकाली नेता की कार की चपेट में आने से बाइक सवार लड़के और लड़की की मौत हो गई। पुलिस की तरफ से अकाली नेता खिलाफ ढीली कार्रवाई से गुस्साए लोगों ने शव छीन मोगा चौक पर जाम लगा दिया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि कार चला रहे अकाली नेता के बेटे ने घटना के बाद अपने साथियों को बुलाकर बेसबाल बैट से उन पर हमला कर दिया। इसमें तीन लोग घायल हो गए।
डीएसपी सिटी संदीप शर्मा, डीएसपी (आई) गुरमीत सिंह और धर्मकोट के कार्यकारी डीएसपी गुरप्रीत सिंह गिल ने पीड़ित परिवार को कारवाई का भरोसा दिया और कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है और तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि गुरमेल सिंह निवासी गांव चोटिया कलां अपनी पत्नी लखविंदर कौर, पुत्र सुखदीप सिंह, बेटी कुलदीप कौर और दलजीत सिंह गांव जैमलवाला के अलावा काका नूर नाम के लड़के से दो अलग-अलग बाइक पर किसी पीर की जगह पर माथा टेकने बाद घर लौट रहे थे।
गांव कड़्यिाल में सामने से आ रही अकाली नेता की स्विफ्ट कार ने मोटर साइकिल को चपेट में ले लिया। हादसे में कुलदीप कौर और दलजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
वाहन समेत चालक फरार होने लगा तो पीड़ित परिवार के मेंबर सुखदीप सिंह ने कार रोकने की कोशिश की। इस पर अकाली नेता के कार चालक पुत्र ने फोन कर साथियों को बुला लिया और उनकी बेसबाल बैट से मारपीट की। इससे सुखदीप सिंह, उसका पिता गुरमेल सिंह और मां लखविंदर कौर घायल हो गए।
इनका सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि अकाली नेता के बेटे ने उन्हें जान से मारने की धमकी दीं। पुलिस ने रात में मृतक लड़की कुलदीप कौर गांव चोटिया कलां और दलजीत सिंह गांव जैमलवाला की लाशें पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दी।
पुलिस अकाली नेता का बचाव करती नजर आई तो पीड़ित परिवार ने दोनों शव जबरन उठाकर शहर के मुख्य चौक में रख कर चक्का जाम कर दिया। लोगों ने अकाली नेता के खिलाफ इरादा कत्ल के आरोप में केस दर्ज करने की मांग की।
एसएचओ. धर्मकोट नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस की प्राथमिक तफ्तीश में पता लगा है कि कार कोट ईसेखां में आढ़त का कारोबार करते गांव शादी वाला के सरपंच की है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।