आतंकी शबनदीप साथियों समेत पटियाला जेल भेजा गया
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। खालिस्तान गदर फोर्स के आतंकी शबनमदीप सिंह और उसके दो साथियों गुरसेवक सिंह व जतिंदर सिंह उर्फ बिंदर को वीरवार को पुलिस रिमांड खत्म हो जाने पर पटियाला में चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट पूनम बांसल की कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कोर्ट को बताया कि आरोपियों से रिमांड में किसी तरह की कोई नई रिकवरी नहीं हो सकी है। इसके बाद कोर्ट ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में पटियाला जेल भेज दिया।
एडवोकेट आशु शर्मा ने बताया कि अब तक आरोपियों से जो रिकवरी होनी थी वह पुलिस कर चुकी है। बावजूद इसके पुलिस ने 26 नवंबर को आरोपियों की कोर्ट से रिमांड ले ली थी। उस दौरान भी पुलिस को उनसे किसी तरह की कोई नई रिकवरी नहीं हुई है। इसके मद्देनजर कोर्ट ने वीरवार को इन तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में पटियाला जेल भेज दिया। गौरतलब है कि पटियाला पुलिस ने आतंकी शबनमदीप सिंह को एक नवंबर को गिरफ्तार किया था। उसके पास से पुलिस ने एक पिस्तौल 30 बोर समेत छह कारतूस, एक ग्रेनेड और विभिन्न आतंकी संगठनों के लैटर पैड बरामद किए गए थे। बाद में शबनमदीप सिंह से पूछताछ के आधार पर गुरसेवक सिंह निवासी गांव रतनगढ़ सिंधड़ां थाना दिड़बा जिला संगरूर और जतिंदर सिंह उर्फबिंदर निवासी गांव तूरबंजारा थाना दिड़बा जिला संगरूर को गिरफ्तार किया था।