हादसे में रिटायर पीडब्ल्यूडी मुलाजिम की मौत
पुलिस ने अज्ञात पीरआरटीसी चालक पर किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) की बस ने सोमवार सुबह सरहंदी गेट के सामने बत्तियों वाले चौक पर एक्टिवा पर जा रहे रिटायर पीडब्ल्यूडी मुलाजिम को टक्कर मार दी। उन्हें गंभीर हालत में सरकारी राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उन्होंने दम तोड़ दिया। लाहौरी गेट थाना पुलिस ने अज्ञात पीआरटीसी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई मालविंदर सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग से रिटायर मुलाजिम फकीर चंद (61) निवासी पवित्र एनक्लेव सोमवार सुबह करीब आठ बजे विकास कॉलोनी से सरहंद गेट की ओर बत्तियों वाला चौक क्रास कर जा रहे थे। इस बीच पटियाला के बस स्टैंड से चंडीगढ़ की ओर जा रही एक पीआरटीसी बस के चालक ने एक्टिवा में टक्कर मार दी। हादसे में फकीर चंद घायल हो गए। उन्हें तुरंत सरकारी राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया। वहां पर इलाज के दौरान करीब डेढ़ घंटे के बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।