पटियाला। पंजाब और हरियाणा में सक्रिय लुटेरा गिरोह के छह शातिरों को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह ने समाना, पटियाला, हरियाणा के चीका म्रें करीब 8 महीनों में लूटपाट की 16 वारदातों को अंजाम दिया है। गिरफ्तार लुटेरों में रामपाल उर्फ घोका निवासी पसियाना जिला पटियाला, संदीप उर्फ कांटी निवासी पसियाना, जसविंदर सिंह उर्फ छोटा निवासी पसियाना, सुखराज सिंह निवासी धबलान जिला पटियाला, संदीप सिंह उर्फ दीप निवासी ककराला जिला पटियाला, किस्मत अली उर्फ बबलू निवासी डिफेंस कालोनी पटियाला शामिल हैं।
एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू, एसपी (डी) हरमीत सिंह हुंदल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गिरोह साल 2018 से पटियाला व हरियाणा में लूटपाट की वारदातें करता आ रहा है। गिरोह का मुख्य सरगना रामपाल उर्फ घोका है। उसने गांव पसियाना के कई लोगों के साथ मिलकर विभिन्न ग्रुपों में 16 वारदातों को अंजाम दिया है। कुछ वारदातें हरियाणा के जिला कैथल में हुई हैं।
अक्तूबर 2018 में आरोपियों ने संजीव कुमार निवासी प्रोफेसर कालोनी चीका जिला कैथल हरियाणा को रोककर उसके साथ मारपीट करके एक लाख रुपये लूटे थे। पीड़ित संजीव अपनी करियाना की दुकान बंद करके घर जा रहा था। इसके अलावा नवंबर 2018 में समाना में दुकानदार विनोद कुमार निवासी प्रताप कालोनी को डंडे पीटकर उससे 55 हजार रुपये लूटे गए थे।
एसएसपी ने बताया कि गिरोह की ओर से जिस भी किसी दुकानदार या व्यापारी से कैश की लूट की जाती थी। पहले उसके आने-जाने वाले रास्तों की रेकी कर ली जाती थी। ज्यादातर यह गिरोह उसी दुकानदार या व्यापारी को निशाना बनाता था जिसके पास कैश की कलेक्शन ज्यादा होता था। आरोपियों से पुलिस वारदातों में इस्तेमाल किए गए मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए हैं।
एसएसपी ने बताया कि गिरोह के कुछ और शातिर अभी फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उनसे गहनता के साथ पूछताछ की जा सके।