पटियाला। लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने पटियाला ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज इंस्पेक्टर करनैल सिंह के अलावा ट्रैफिक पुलिस के एएसआई सवरन सिंह, हेड कांस्टेबल गुरशरण सिंह और हेडकांस्टेबल भुपिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया है।
आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस के एएसआई सवरन सिंह, हेड कांस्टेबल गुरशरण सिंह व हेडकांस्टेबल भूपिंदर सिंह की ओर से पटियाला-संगरूर बाईपास रोड पर नाका लगाकर वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को बेवजह परेशान किया जा रहा था। यह ट्रैफिक पुलिस नाके से गुजरने वाले वाहन चालकों से यह कहकर पैसे वसूल लेते थे कि उनकी गाड़ी ओवर स्पीड थी जबकि ऐसा नहीं होता था। कुछ समय से इन ट्रैफिक पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उच्च अधिकारियों ने इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जांच के बाद एएसआई सवरन सिंह, हेडकांस्टेबल गुरशरण सिंह और भूपिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पटियाला ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज करनैल सिंह को भी सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि इंचार्ज ने अपने अधीनस्थ मुलाजिमों का सही तरीके सुपरविजन नहीं किया। साथ ही इंचार्ज बार-बार से नाका ड्यूटी पर वहीं पुलिस मुलाजिमों को तैनात करता रहा। एसएसपी ने साफ किया है कि किसी भी किस्म की रिश्वतखोरी और लोगों को परेशान करना सहन नहीं किया जाएगा।