लुधियाना। ज्वेलर के यहां जेवर तैयार करने वाला कारीगर 276 ग्राम 330 मिग्रा सोने के जेवर लेकर फरार हो गया। दुकान मालिक ने इसकी शिकायत थाना डिवीजन आठ की पुलिस को दी। पुलिस ने फव्वारा चौक स्थित एसपी ज्वेलर्स के मालिक चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर-32 में रहने वाले अजमेर सिंह की शिकायत पर शेख अजगर अली के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
अजमेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी कॉलेज रोड फव्वारा चौक के पास स्थित महावीर कांप्लेक्स की पहली मंजिल पर एसपी ज्वेलर के नाम से दुकान है। उसकी दुकान पर शेख अजगर अली बतौर कारीगर तैनात था। वह एक साल से काम कर रहा था। उसे तोल कर जेवरात दे दिए जाते और वह डिजाइन तैयार कर जेवरात लौटा देता था। करीब एक महीना पहले उन्होंने अजगर को 276 ग्राम 330 मिग्रा सोना और डिजाइन दिया था ताकि वह जेवरात तैयार कर दे दे। अगले दिन जब वह दुकान पर आए तो उसके कमरे में डिब्बा पड़ा था, लेकिन वह नहीं था। डिब्बे को लॉक लगा हुआ हुआ था। उन्होंने अजगर का फोन मिलाया,लेकिन फोन नहीं मिला तो उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जब कमरे में पड़ा डिब्बा तोड़ा गया तो अंदर लोहा पड़ा था। जांच अधिकारी एएसआई हरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के कमरे में उसका एक आधार कार्ड मिला था। उस पर जो पता लिखा था वह गलत है। आरोपी का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।