भाई से तंग आकर युवक ने पिया जहर, मौत
आरोपी ने मामला छिपाने को बिना किसी को बताए किया अंतिम संस्कार
बहन के बयान पर अब आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, फरार
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। सदर समाना थाने के अधीन पड़ते गांव बंमना में 21 साल के युवक ने अपने भाई की ओर से परेशान करने पर जहर निगलकर जान दे दी। आरोपी भाई ने मामले को छिपाने के लिए बिना किसी को बताए लाश का अंतिम संस्कार कर दिया। अब पुलिस ने बहन के बयान पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने और लाश को खुर्दबुर्द करने के आरोप में केस दर्ज किया है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जसपाल कौर निवासी गांव नदामपुर थाना भवानीगढ़ जिला संगरूर ने पुलिस के पास बयान दिया है कि उसका भाई भगवान सिंह (21) गांव बंमना में चौकीदार की नौकरी करता था। उनका भाई जगतार सिंह गांव के चौकीदार की नौकरी पाने और भगवान सिंह का मकान हासिल करने के लिए अक्सर उनको परेशान करता रहता था। इस कारण भगवान सिंह काफी मानसिक परेशानी में था। इसी परेशानी की हालत में उसने कोई जहरीली चीज पीकर सुसाइड कर लिया। बाद में आरोपी ने अपने भाई की लाश को खुर्दबुर्द करने के लिए किसी को बताए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी भाई को नामजद कर लिया है लेकिन अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।