पार्टनर से परेशान होकर किया था बुजुर्ग ने सुसाइड
वारदात के 10 महीने बाद पुलिस ने किया मामला दर्ज
आरोपी पार्टनर के खिलाफ सुसाइड को मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज, गिरफ्तारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। थाना बख्शीवाला के तहत पड़ते गांव सिद्धूवाल में बुजुर्ग बिजनेसमैन ने अपने पार्टनर के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर परेशान होकर सुसाइड किया था। जांच के बाद यह साफ हो जाने के बाद पुलिस ने वारदात के 10 महीने बाद केस में आरोपी पार्टनर के खिलाफ केस दर्ज किया है, लेकिन अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
रणजीत सिंह निवासी गांव सिद्धूवाल ने पुलिस पास बयान दिया है कि उसके पिता रघवीर सिंह (60) की आरोपी तरसेम सिंह निवासी गांव भोगला राजपुरा के साथ बिल्डिंग मीट्रियल बेचने के कारोबार में पार्टनरशिप थी। आरोपी ने उसके पिता को 12 लाख रुपये देने थे। जिसमें से दो लाख तो आरोपी ने दे दिए थे, लेकिन बाकी के 10 लाख वह बार-बार वादा करने के बावजूद नहीं दे रहा था। बीच में एक-दो चेक भी दिए, लेकिन बैंक में लगवाने पर यह बाउंस हो गए। इन सबसे तंग आकर रघवीर सिंह ने 30 सितंबर 2017 को सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद अब जाकर आरोपी पार्टनर तरसेम सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया है। लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।