लोहा कारोबारियों तथा उद्योगपतियों की राय जानने के लिए पहुंची प्रदेश कांग्रेस लीडरशिप ने जिमखाना क्लब में बैठक बुलाई। बैठक में मंडी गोबिंदगढ़ के करीब सभी लोहा एसोसिएशन, औद्योगिक इकाईयों की भलाई के लिए काम करने वाली मदर बॉडी स्टील चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मनमोहन सिंह मांगट की अध्यक्षता में उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया।
अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी फतेहगढ़ साहिब अध्यक्ष हरिंदर सिंह भांबरी ने की। चुनाव मेनीफेस्टों की चेयरपर्सन एवं पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल, मनप्रीत सिंह बादल, मनमोहन सिंह को विधायक काका रणदीप सिंह, हरिंदर सिंह भांबरी, जगमीत सिंह सहोता, रमनजीत कौर बल, संदीप सिंह बल ने उद्यमियों की समस्याओं के बारे में अवगत करवाया।
इस मौके पर भट्टल ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार ने पंजाब की इंडस्ट्री को वेंटिलेटर पर रखा हुआ है, जिसे आक्सीजन की जरूरत है, पंजाब की इंडस्ट्री पक्की मरीज बन चुकी है। डॉक्टर अच्छा ना होने के कारण इंडस्ट्री अंतिम सांसे ले रही हैं। भट्टल ने कहा कि शिअद के कुशासन से आज पंजाब 17वें नंबर पर आ गया है।
भट्टल ने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में सरकार बनाने की लालसा नहीं है बल्कि पंजाब को बचाने की लालसा जरूर है। उन्होने आरोप लगाते हुए कहा कि शिअद कार्यकाल में आतंकवाद, पक्षपात, गैंगस्टर, लूटपाट, अपराधों में इजाफा हुआ है। भट्टल ने कहा कि वे उद्यमियों के वकील बनकर, अपने चुनाव मेनीफैस्टों में उनकी समस्याओं का उल्लेख करेंगे।
वहीं एंट्री टैक्स, बार्डर टैक्स को बंद करने, बिजली यूनिट में कमी लाने, पड़ोसी सूबों से मुकाबले करने की क्षमता प्रदान करने, कारोबार करने के रवैये बदलने, फोकल प्वाइंट में सुविधाएं देने आदि की रिपोर्ट तैयार करके 2 सितंबर को गांधी जयंती पर चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जाएगा, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह अंतिम रूप देंगे।