कैप्टन अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू।
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक बार फिर से नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने स्वार्थ के लिए पंजाब की सुरक्षा के साथ समझौता करने वालों के हाथों में प्रदेश की बागडोर सौंपी नहीं जा सकती है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के जिस सेना प्रमुख के इशारे पर लगभग हर दिन सीमा पर भारतीय सैनिक मारे जा रहे हैं, उनके साथ सिद्धू गले मिलते हैं और पाकिस्तान के पीएम इमरान खान से दोस्ती के दम भरते हैं। कैप्टन मंगलवार को पटियाला के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कैप्टन ने कहा कि सिद्धू का जनरल बाजवा को गले लगाना और फिर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें कैबिनेट में बहाल करने की सिफारिश से साफ पता चलता है कि पंजाब और भारत को सीमा पार के दुश्मनों से बचाने के लिए सिद्धू पर भरोसा नहीं किया जा सकता। कैप्टन ने जोर देकर कहा कि भारत-पाकिस्तान के साथ शांति चाहता है लेकिन उसके सामने नहीं झुकेगा और भारतीय सेना किसी भी समय युद्ध लड़ने के लिए तैयार है।
चन्नी ने 111 दिनों में कर्ज में 33 हजार करोड़ की वृद्धि की
कैप्टन ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था इस समय बेहद खराब स्थिति में है, इसे केंद्र के सहयोग की सख्त जरूरत है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब पर 70,000 करोड़ रुपये का कर्ज है और चरणजीत सिंह चन्नी ने सिर्फ 111 दिन में कर्ज में 33 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि की है।
इस्तीफा देने बाद मोदी ने उन्हें खुद बुलाया था
कैप्टन ने इस मौके पर खुलासा किया कि पंजाब के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद उन्हें खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने फोन किया और दिल्ली आकर मिलने का न्योता दिया था। उनकी दोस्ती पहले से ही मोदी के साथ थी लेकिन अब गठबंधन के बाद यह और पक्की हुई है।