पटियाला। भारतीय फौज में विभिन्न वर्गों में भर्ती के लिए फिजिकल टेस्टों में पास हुए उम्मीदवारों की रविवार को ली जाने वाली लिखित परीक्षा टाल दी गई है। परीक्षा टालने का कारण कोविड-19 और बरसात का मौसम बताया जा रहा है। इस परीक्षा में पांच जिले पटियाला, संगरूर, मानसा, बरनाला और फतेहगढ़ साहिब के उम्मीदवारों ने हिस्सा लेना था।
भारतीय फौज के पटियाला स्थित आर्मी भर्ती डायरेक्टर कर्नल आरआर चंदेल ने बताया कि आर्मी भर्ती के डायरेक्टर जनरल और रक्षा मंत्रालय की ओर से भर्ती रैली में फिजिकल टेस्ट पास कर चुके उम्मीदवारों की लिखित परीक्षा रविवार को पंजाबी यूनिवर्सिटी में होनी थी। अब आर्मी हेडक्वार्टर से प्राप्त हुए दिशानिर्देशों के तहत कोविड-19 व देश के विभिन्न क्षेत्रों में बरसात कारण बनी बाढ़ की स्थिति कारण इसे अगले आदेशों तक मुलतवी किया गया है। जब भी यह परीक्षा आयोजित की जाएगी तो इसके बारे में उम्मीदवारों को सूचित कर दिया जाएगा।