पटियाला में रोष प्रदर्शन करते सांसद धर्मवीर गांधी।
- फोटो : अमर उजाला
आप के बागी सांसद डा. धर्मवीर गांधी ने वीरवार शाम को दलितों को साथ लेकर रोष प्रदर्शन निकाला।
राघोमाजरा में दलितों की बस्ती से लेकर फव्वारा चौक तक निकाले इस रोष प्रदर्शन दौरान दलित भाईचारे पर हो रहे अत्याचार का विरोध किया गया।
इस मौके पर डा. गांधी ने कहा कि यह बड़े शर्म की बात है कि महान गुरुओं की इस धरती पर दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं। डा. गांधी ने दलितों पर अत्याचार करने वाले धनाढ़यों, माफिया के लोगों व पुलिस अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और उन्हें सख्त सजाएं देने की मांग की।
डा. गांधी ने मानसा जिले के गांव घरांगना में हुई घटना की निंदा की, जिसमें दलित नौजवान को शराब माफिया द्वारा पीटने व उसकी टांग काट कर ले जाई गई है। इसके अलावा गांव बऊपुर, बालद कलां और संगरूर के ही गांव झलूर में भूमि प्राप्ति संघर्ष कमेटी की ओर से दलितों के लिए गांव की शामलाट जमीनों में अपना बनता हक प्राप्त करने के लिए किए जा रहे संघर्षों पर ऊंची जाति वालों द्वारा कातिलाना हमले किए जा रहे हैं।