फतेहगढ़ साहिब से निकाले गए आप के नवां पंजाब पैदल मार्च में भारी संख्या में मौजूद युवा।
- फोटो : amarujala
आम आदमी पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष हरजोत सिंह बैंस द्वारा शहीदों की धरती फतेहगढ़ साहिब से नतमस्तक होकर ‘आओ सृजिए नवां पंजाब पैदल मार्च’ की शुरुआत की गई। इस पैदल मार्च की अगुवाई हरजोत सिंह बैंस और लीगल सेल इंचार्ज हिम्मत सिंह शेरगिल ने की। इस मौके पर इंकलाब-जिंदाबाद के नारों से पैदल मार्च को हुसैनीवाला के लिए रवाना किया गया। रवाना होने से पहले आप नेता लखवीर सिंह राय ने बैंस और शेरगिल को सिरोपा डालर सम्मानित किया।
इस मौके पर हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि 280 किमी का यह पैदल मार्च महान शहीद बाबा जोरावर सिंह फतेह सिंह की धरती से शुरू किया जा रहा है। वह हर रोज 25 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। सफर 12 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा और पांच अप्रैल को हुसैनीवाला में इसका समापन होगा। उन्होंने कहा कि पैदल मार्च का मुख्य उद्देश्य हंसते-खेलते पंजाब का सृजन करना है।
आप के पंजाब कानूनी सेल इंचार्ज हिम्मत सिंह शेरगिल ने कहा कि एसवाईएल मुद्दे पर केजरीवाल का पक्ष बिल्कुल साफ है, उनके बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है। केजरीवाल एसवाईएल के विरोध में हैं। विरोधी पार्टियां इस पर राजनीति कर रहीं हैं। एसवाईएल एक अधूरी नहर है, पंजाब से पानी का आदान प्रदान पड़ोसी राज्यों से जरूर है।
एसवाईएल नहर तो बनी ही नहीं है। इसका उनके पास सबूत है। एसवाईएल के लिए जमीन एक्वायर करने का काम 1986 में बादल सरकार के समय में हुआ था। कैप्टन अमरिंदर सिंह अकाली सरकार में खेतीबाड़ी मंत्री थे। इस पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी स्थिति साफ करें।