पटियाला में अर्बन इस्टेट इलाके की रहने वाली बुजुर्ग महिला ने देवर के साथ चल रहे जमीन विवाद में इंसाफ न मिलने पर आत्मदाह करने की धमकी दी है। महिला तेज कौर (72) ने वीरवार को पत्रकार वार्ता करके आरोप लगाया कि वह डीएसपी पातड़ां, आईजी पटियाला जोन समेत अन्य कई लोगों से इंसाफ की गुहार लगा चुकी हैं लेकिन अब तक उनके देवरों के खिलाफ पर्चा दर्ज नहीं हुआ।
वृद्धा ने एक आला पुलिस अफसर के रीडर पर उससे रिश्वत मांगने के भी आरोप लगाए। तेज कौर ने बताया कि उनके बेटे और पति की मौत हो चुकी है। वह अपनी जमीन को ठेके पर देकर उससे आने वाले पैसों से गुजारा करती हैं। पति व बेटे की मौत के बाद जमीन को उनका देवर ही ठेके पर देता था। ठेके से आने वाले पैसों में से कुछ उसे देते थे और कह देते थे कि बाकी पैसे बैंक में जमा करा दिए हैं।
जब इस सीजन में उन्होंने अपनी जमीन खुद ठेके पर देने की सोची तो पता चला कि देवर ने उनकी जमीन की धोखे से अपने नाम रजिस्ट्री करा ली है। अब एक आला अफसर का रीडर उनसे मामले में पर्चा दर्ज कराने के लिए दो लाख की रिश्वत मांग रहा है। इसमें से 20 हजार उन्होंने उसने रीडर को दे भी दिए हैं। वह मामले में कार्रवाई न होने से परेशान होकर अब आत्मदाह कर लेंगी।
उधर आरोपों में घिरे रीडर ने बुजुर्ग के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद जो रिपोर्ट आई थी उसमें कुछ कमियां थीं। इन कमियों को दूर करके रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर जो भी बनती कार्रवाई होगी वह पुलिस अधिकारी जरूर करेंगे।