- संगरूर निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ थाना जुल्कां में केस दर्ज, गिरफ्तारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। विदेश भेजने का झांसा देकर बुजुर्ग से 33.40 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। थाना जुल्कां पुलिस ने जांच के बाद संगरूर निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जरनैल सिंह निवासी गांव जुल्कां ने पुलिस को बताया कि शाम गिर व उसके बेटे सुखविंदर गिर निवासी गांव मकरोड़ साहिब थाना मूनक जिला संगरूर ने उनके दोनों बेटों को 55 लाख रुपये में विदेश भेजने का वादा किया। सौदे के मुताबिक तय रकम आरोपियों को दे दी गई। किन बाद में आरोपियों ने विदेश नहीं भेजा।
शोर मचाने पर 21.60 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन बाकी बचते 33.40 लाख रुपये वापस नहीं किए। पुुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने व धोखाधड़ी करने के आरोप में केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने रिश्तेदारों व दोस्तों से उधार लेकर पैसों का इंतजाम किया था।