सड़क हादसों में दो की मौत
पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पहले केस में नायब सिंह निवासी गांव बुजरक ने सिटी समाना पुलिस को शिकायत दी कि उनका बेटा पाला सिंह मोटरसाइकिल पर हरमन फैक्टरी पातड़ां रोड रेतगढ़ के पास जा रहा था। इसी दौरान किसी अन्य वाहन की लाइटें अचानक पाला सिंह की आंखों में पड़ी तो उसने ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगाने के कारण पाला सिंह ने वाहन से संतुलन खो दिया और वह नीचे गिर गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार के साथ आ रहे कैंटर के चालक ने पाला सिंह पर लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए अपना कैंटर चढ़ा दिया। इस कारण पाला सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने इस शिकायत पर कैंटर के अज्ञात चालक खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दूसरे केस में मोहम्मद इलियास निवासी मोहल्ला चिस्ती नगर मदीन नजदीक मदीना मस्जिद खानपुरा रामगंज जिला अजमेर राजस्थान ने थाना अनाज मंडी में शिकायत दी है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने गांव के लाल पुत्र राजू के साथ डीएमडब्ल्यू के पास गया था। लाल डीएमडब्ल्यू वर्कशॉप के बाहर बैठा था। इसी बीच ट्रक चालक राम सुरेश पाल निवासी मलैठू कनक थाना बीकापुर जिला फैजाबाद यूपी ने तेज रफ्तार के साथ लाकर ट्रक लाल के ऊपर चढ़ा दिया। हादसे में लाल की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।