पटियाला। पंजाब में आने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पटियाला पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। इसके तहत पुलिस ने 10 पिस्टल बरामद किए हैं।
एसपी (जांच) डा. महिताब सिंह ने बताया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत डीएसपी राजपुरा गुरबंस सिंह बैंस की निगरानी में थाना सिटी राजपुरा, सदर राजपुरा और बनूड़ के थाना प्रमुखों समेत चौकी इंचार्जों की ओर से स्पेशल नाकाबंदी और गश्त के दौरान यह बरामदगी मेन जीटी रोड नजदीक गांव बूटा सिंह वाला के नजदीक हुई है।
उन्होंने बताया कि नाकाबंदी के दौरान गांव बूटा सिंह के नजदीक मेन जीटी रोड पर पुलिस पार्टी गाड़ियों और बसों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति एक बैग छोड़कर निकल गया। जब बैग की तलाशी ली, तो इसमें से दस पिस्टल बरामद हुए। एसपी ने बताया कि पुलिस की ओर से मौके पर बैग के मालिक की काफी तलाश की गई, लेकिन कोई नहीं मिला। इससे लगता है कि चुनावों के मद्देनजर यह असलाह कोई व्यक्ति बाहर से लेकर आया हो सकता है। इस संबंधी थाना बनूड़ में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
इसी तरह से पुलिस पार्टी ने टी प्वाइंट जलालपुर पास चेकिंग दौरान हिमांशु चोपड़ा निवासी लुधियाना की तलाशी ली। उसके पिट्ठू बैग से पुलिस ने 22 हजार 200 नशीली गोलियां बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ थाना बनूड़ में केस दर्ज किया गया है।