शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने और गर्भवती होने पर गर्भपात करवाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची युवती ने पुलिस को बताया कि वह पढ़ने के लिए गांव से पठानकोट की बस में जाती थी। बस के चालक ने उसे शादी का झांसा देकर अपनी चिकनी चुपड़ी बातों में फंसा लिया।
युवती ने बताया कि बस चालक अपने आपको कुंवारा बताकर शादी का झांसा देता रहा। इस दौरान उसने जबरदस्ती संबंध भी बनाए। जुलाई 2015 को वह उसे घर से ले गया और हिमाचल के तीर्थ पर घुमाने के साथ ही अपने रिश्तेदारों के पास भी ले जाता रहा। इस दौरान वह गर्भवती हो गई।
इसके बाद युवती को पता चला कि आरोपी शादीशुदा है। उसकी पत्नी ने भी उसे धमकियां देनी शुरू कर दी। ड्राइवर ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर जुगियाल स्थित एक डॉक्टर के पास ले जाकर उसका गर्भपात भी करवा डाला।
लड़की ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने उसे अपने घर में बंधक बना लिया था। 17 दिसंबर को वह किसी तरह उसके चंगुल से भाग निकली। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।