पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे पर आई गृह विभाग की संसदीय स्टैंडिंग कमेटी ने पहले दिन गुरदासपर का दौरा किया।
भारत-पाक सीमा पर बसे डेरा बाबा नानक क्षेत्र की सीमा पर बनी पोस्टों से कमेटी के चेयरमैन पी भट्टाचार्य के अतिरिक्त सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा व कमेटी के समूह सदस्यों ने गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन किए। साथ ही स्थानीय गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब में माथा टेका। यहां एसजीपीसी की ओर से संसदीय कमेटी के सभी 18 सदस्यों को सम्मानित किया गया।
कमेटी के चेयरमैन पी भट्टाचार्य ने कहा कि कमेटी की ओर से पहले राजस्थान का दौरा किया गया था और अब पंजाब का दौरा किया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों की मुश्किलों, सीमा पर और भी पुख्ता प्रबंध करने संबंधी जायजा लिया जा रहा है। पठानकोट एयरबेस का दौरा कर सारे घटनाक्रम का जायजा लिया गया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सीमा पर तार को लगाना यकीनी बनाया जाएगा।
सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि श्री करतारपुर साहिब तक कॉरिडोर के लिए हर वर्ष अरदास की जा रही है। इसके खुलने से भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे। इसके लिए पंजाब विधान सभा में प्रस्ताव भेजा गया है। केंद्र सरकार भी गंभीरता से प्रयास कर रही है। चंदूमाजरा ने कहा कि गुरदासपुर को पर्यटन हब बनाया जाएगा।
गुरुद्वारा करतारपुर साहिब का रास्ता खुलने से देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचेंगे। कमेटी की ओर से केंद्र सरकार को यह रिपोर्ट भेजी जाएगी और करतारपुर साहिब के रास्ते संबंधी लोगों की चिरलंबित मांग पूरी होगी। मौके पर डीआईजी बॉर्डर रेंज कुंवर विजय प्रताप सिंह, डीसी डा. अभिनव त्रिखा व एएसएसपी दलजिंदर सिंह सहित बीएसएफ के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।