वीरवार को पठानकोट निवासी एक महिला फर्जी फोन कॉल के झांसे में आकर हजारों की ठगी का शिकार हो गई। महिला से फोन पर बैंक खाते संबंधी जानकारियां हासिल कर खाते से हजारों रुपये निकलवा लिए गए। इसकी शिकायत महिला ने थाना डिवीजन नं. 1 की पुलिस को दी है।
वैशाली पत्नी जतिंदर सिंह निवासी इंदिरा कालोनी उनका केनरा बैंक में खाता है। बुधवार सुबह साढ़े दस बजे उनके मोबाइल पर एक फोन कॉल आई। फोन करने वाले ने बैंक का कर्मचारी बताकर व किसी सरकारी स्कीम का हवाला देकर उनसे एटीएम कार्ड का नंबर ले लिया। इसके बाद उस व्यक्ति ने उनको बातों में उलझाकर एटीएम का पिन नंबर व सीवीवी नंबर भी हासिल कर लिया।
उसके बाद उन्होंने कहा कि सरकारी स्कीम के तहत आपका अकाउंट अपडेट किया जाएगा। फोन कॉल के कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर अकाउंट ट्रांजेक्शन संबंधी मैसेज आने शुरू हो गए। वह अकाउंट की कॉपी लेकर बैंक शाखा पहुंचे।
जहां उन्हें जानकारी मिली कि उनके खाते से विभिन्न जगहों से विभिन्न 16 ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के द्वारा 29 हजार 730 रुपये निकलवा लिए गए। इसके बाद उन्होंने अपना खाता बंद करवा दिया। महिला ने बताया कि इस संबंधी शिकायत उन्होंने डिवीजन नं.1 की पुलिस को दे दी है।