शहर के मोहल्ला कोट कुजलस राए में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ ट्रेवल एजेंटों ने अमेरिका भेजने के नाम पर 32 लाख रूपये की ठगी कर ली।
पुलिस थाना सिटी बटाला ने शिकायत की जांच करने के बाद आरोपी एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। दोनों एजेंट आपस में बाप-बेटा हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता बाका बिहारी निवासी कोट कुजलस राये बटाला ने बताया कि उसने अपने भतीजे को अमेरिका भेजने के लिए सन्नी अरोड़ा और उसके पिता करतार चंद वासी जालंधर को 32 लाख रुपये दिए थे। उसने बताया कि उक्त एजेंटों न तो उसके भतीजे को अमेरिका भेजा और न ही उसके रुपये वापस किए ।
उन्होंने बताया कि उक्त लोगों ने उसके साथ 32 लाख रुपये की ठगी की है। बाका बिहारी की शिकायत की जांच एसआई कुलवंत सिंह इंचार्ज एंटी फ्राड स्टाफ बटाला ने की। जांच शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए गए। इसके बाद सिटी पुलिस बटाला ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल नामजद पिता-पुत्र पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं।