भारत-पाक अंतराष्ट्रीय सीमा पर स्थित कस्बा दोरांगला में सीमा सुरक्षा बल की पोस्ट आदियां में शुक्रवार देर रात चार बार पाकिस्तानी ड्रोन की मूवमेंट दर्ज की गई। बीएसएफ के जवानों की तरफ से फायरिंग कर ड्रोन को वापस भगा दिया गया। इसके बाद बीएसएफ और पुलिस के जवानों की ओर से इलाके में सर्च अभियान भी छेड़ा गया, लेकिन किसी भी प्रकार की कोई रिकवरी नहीं हुई। बीएसएफ के आईजी और गुरदासपुर के एसएसपी ने खुद जाकर मौके का जायजा लिया तथा बार्डर पर स्थित लोगों से बातचीत की।
इस पूरे ऑपरेशन के दौरान बेशक बीएसएफ के जवानों की ओर से चारों बार पाकिस्तानी ड्रोन को वापस भागने पर मजबूर किया गया लेकिन पाकिस्तानी ड्रोन का भारतीय सीमा में 46 मिनट रहना बड़े सवाल खड़े करता है। इतने समय के दौरान हथियार या नशीले पदार्थों की सप्लाई आराम से हो सकती है। वहीं इतने समय में इलाके की रेकी भी की जा सकती है जिसके जरिए आराम से घुसपैठ करवाई जा सके।
इससे पहले जनवरी 2018 में इसी पोस्ट पर से बीएसएफ ने कुल 19 पैकेट हेरोइन बरामद की थी। पंजाब में ड्रोन के जरिए हथियारों की सप्लाई होती रही है। इसी तरह गुरदासपुर सेक्टर से ही पाकिस्तानी आंतकियों ने घुसपैठ कर दीनानगर और पठानकोट हमले को अंजाम दिया था।