फिरोजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली रैली का विरोध सोशल मीडिया पर भी शुरू हो गया है। ट्विटर पर गो बैक मोदी टॉप ट्रेंड कर रहा है। सोशल मीडिया के पेज ट्रैक्टर टू ट्विटर पर बच्चे से लेकर नौजवान और बुजुर्ग भी मोदी की रैली का विरोध कर रहे हैं। लगातार वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं। वीडियो डालने वाले लोग विरोध करने का कारण भी स्पष्ट कर रहे हैं। उसके साथ साथ कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान शहीद हुए किसानों के लिए इंसाफ की मांग भी की जा रही है। केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान जत्थेबंदियां लगभग 13 माह तक दिल्ली के बॉर्डर पर बैठे रहे थे।
किसानों में कई मांगें न माने जाने का रोष
इस आंदोलन के दौरान करीब 700 किसान शहीद हो गए थे। कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि कानून वापस लेने का एलान कर दिया था। पंजाब में अब विधानसभा चुनाव है और इस बार भारतीय जनता पार्टी अकाली दल के बजाय कैप्टन अमरिंदर सिंह की नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल संयुक्त के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। चुनाव से पहले फिरोजपुर में एक बड़ी रैली रखी गई है।
इस रैली के विरोध में ट्विटर पर ट्रैक्टर टू ट्विटर पेज पर भी एक कैंपेन शुरू कर दी गई है। लोगों की तरफ से कृषि कानूनों का हवाला देकर विरोध जाहिर किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि कृषि कानून लागू होने के बाद किए गए संघर्ष के दौरान 700 किसानों की शहादत हुई है और इसके बाद प्रधानमंत्री ने कानून वापस लिए हैं। जबकि अब भी किसानों की कई मांगें नहीं मानी गई हैं।
कभी हमारे पक्ष में नहीं बोलते हैं मोदी
मोनिका गिल की तरफ से अंग्रेजी में एक वीडियो शेयर किया गया है। जिसमें वह कह रही है कि नरेंद्र मोदी ने कभी पंजाब के पक्ष में बात नहीं की है। हमेशा से ही उनके खिलाफ काम करते आए हैं। मनदीप सिंह ने वीडियो में कहा कि कृषि कानूनों को लेकर हुए संघर्ष के दौरान शहीद हुए किसानों का जो अपमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से किया गया है। इस तरह के लोगों के लिए पंजाब में कोई जगह नहीं है। यही कारण है कि वह प्रधानमंत्री का पंजाब आने पर विरोध कर रहे हैं। लोकसभा में भी शहीदों का जिक्र क्यों नहीं किया गया। इसके अलावा भी इस पेज पर कई लोगों ने अपने वीडियो शेयर किए है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का विरोध किया है।