दो होली स्पेशल ट्रेन चलाएगा उत्तर रेलवे।
- फोटो : फाइल
उत्तर रेलवे ने होली से पहले रेल यात्रा करने वालों को बड़ा तोहफा दिया है। होली से पहले रेलवे ने ऊधमपुर से आनंद विहार और कटरा से दिल्ली के बीच दो होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। त्योहार के मौके पर उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। ऊधमपुर से आनंद विहार के लिए ट्रेन 10 मार्च को शुरू होगी जबकि, कटरा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन 13 मार्च से चलेगी। दोनों ट्रेनों की बुकिग शुरू हो गई है।
होली स्पेशल ट्रेनें शुरू होने के बाद पठानकोट से दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर आदि शहरों में जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली और आनंद विहार के लिए दो नई ट्रेनें शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई शुरू ट्रेनों के लिए बुकिग भी शुरू हो गई है। जम्मूतवी और कटरा से उत्तर प्रदेश व बिहार जाने वाली सभी ट्रेनें होली तक पैक हैं। ऐसे में यात्री दिल्ली से दूसरी ट्रेन में ट्राई कर सकेंगे। इसके अलावा पठानकोट से दिल्ली जाने वालों को भी इससे काफी राहत मिलेगी।
आनंद विहार-उधमपुर के लिए 10 मार्च से चलेगी ट्रेन
रेलवे द्वारा 10 मार्च को आनंद विहार-ऊधमपुर के लिए 04053/04054 ट्रेन शुरू की जाएगी। यह ट्रेन सप्ताह में दो बार चलेगी। आनंद विहार से प्रत्येक सोमवार व गुरुवार तथा उधमपुर से मंगलवार व शुक्रवार को चलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 20 डिब्बे रहेंगे। आनंद विहार से ट्रेन रात्रि 11 बजे उधमपुर के लिए रवाना होगी। आनंद विहार से चलने के बाद गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, जगाधरी, अंबाला, लुधियाना, जालंधर कैंट से होते हुए सुबह 9:45 बजे पठानकोट कैंट पहुंचेगी। पठानकोट कैंट के बाद दोपहर 2:15 बजे ट्रेन ऊधमपुर पहुंचेगी। अगले दिन ट्रेन ऊधमपुर से रात्रि 9:40 बजे चलने के बाद 12:50 बजे पठानकोट कैंट से होते हुए 11:15 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
कटरा-नई दिल्ली के लिए 13 से दौड़ेगी एक्सप्रेस
होली पर रेलवे ने कटरा से दिल्ली के बीच 13 मार्च से 04671/04672 एक्सप्रेस चलेगी। सप्ताह में एक दिन चलने वाली ट्रेन कटरा से रविवार और दिल्ली से सोमवार को चलेगी। ट्रेन में कुल 18 डिब्बे रहेंगे। रेलवे द्वारा जारी की गई समय-सारिणी में ट्रेन 13 मार्च रविवार को शाम 6:10 बजे कटरा से चलने के बाद रात्रि 9:32 बजे पठानकोट कैंट स्टेशन पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 6:40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। नई दिल्ली से यही ट्रेन सोमवार रात्रि 11:40 बजे चलने के बाद सुबह 7:30 बजे पठानकोट कैंट पहुंचने के बाद दोपहर 12:30 बजे कटरा पहुंचेगी।