पंजाब के अमृतसर में घर में घुसकर युवक की पीट-पीट कर हत्या करने वाले आरोपी निहंग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव में ही छुपा हुआ था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
अमृतसर के गांव जहांगीर में बेरहमी से युवक की पिटाई कर हत्या करने वाले आरोपी निहंग सुखदेव सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को ढूंढने के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया था।
विज्ञापन
इसी दौरान सूचना मिली थी कि आरोपी गांव में छुप कर बैठा हुआ है। ऐसे में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी को पकड़ लिया और अदालत में पेश करने के बाद उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। मृतक मलकीत सिंह (30) अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मृतक मलकीत सिंह को बौना कहकर चिढ़ाता था। इस बात से मलकीत परेशान भी होता था और वह उसे गालियां दे देता था। जब मलकीत सिंह उसे गालियां देता था तो उसे भी बहुत गुस्सा आता था। इसी के तहत वह मौके की तलाश में था, ताकि एक बार मलकीत सिंह को गालियां निकालने का सबक सिखा सके।
विज्ञापन
उसने वीरवार की सुबह मौका देखा कि उसके घर में कोई नहीं है और आरोपी छत के रास्ते घर में घुस गया। उस समय मलकीत सिंह घर पर अकेला था और उसके माता-पिता शहर से बाहर कहीं गए हुए थे। गुरुवार सुबह जब उसके माता-पिता घर आए तो मलकीत सिंह की खून से लथपथ लाश घर में पड़ी मिली।