डेराबस्सी बस स्टैंड पर मां से आ रहा था मिलने, रास्ते में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर रेलवे फ्लाईओवर पर मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे हुए हादसे में एक युवा टैटू आर्टिस्ट की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनिंदर सिंह (23) पुत्र राजिंदर सिंह निवासी गांव नबीपुर, जिला श्री फतेहगढ़ साहिब के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर सुनकर परिवार सदमे में आ गया और मां की हालत बिगड़ गई।
जानकारी के मुताबिक मृतक मनिंदर करीब दो महीने पहले बरवाला में रहने वाले अपने मामा के पास रह रहा था। डेराबस्सी के भांखरपुर गांव में उसकी आउट लॉज टैटू नाम से दुकान थी। मंगलवार को सुबह उसकी मां उसके मामा से मिलने के बाद डेराबस्सी बस स्टैंड पर मौजूद थी, जो अपने बेटे की दुकान पर जाने के लिए भी कह रही थी। इस बीच, मनिंदर ने अपनी मां को डेराबस्सी बस स्टैंड पर रुकने के लिए कहा और वह दुकान बंद कर अपनी मां से मिलने के लिए मोटरसाइकिल पर भांखरपुर से डेराबस्सी चला गया। रास्ते में फ्लाईओवर पर जब वह बीच में मुड़कर पीछे देख रहा था तो उसकी मोटरसाइकिल सड़क के किनारे फुटपाथ से टकरा गई। मनिंदर मोटरसाइकिल चलाते समय गिर गया और उसका सिर फुटपाथ से टकरा गया। राहगीर उसे उठाकर डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां विलाप करते हुए भगवान को कोस रही थी कि वह बेटे से मिलने के लिए नहीं कहती तो उसका बेटा हादसे का शिकार न होता। मृतक के पिता क्लीनिक चलाते हैं और उसकी एक छोटी बहन है। डॉक्टरों ने बताया कि मृतक के सिर और चेहरे पर चोटें थीं। सिर में चोट लगने से उसकी मौत हुई है।