मोहाली। नए साल 2022 की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत 12 मार्च को लगाई जाएगी। इसमें वर्षों पुराने केसों का निपटारा दोनों पक्षों की आपसी सहमति से किया जाएगा। जिला अदालत की ओर से लोक अदालत को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अधिक से अधिक केसों का निपटारा करके अदालत पर केसों के बोझ को कम किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक सेशन जज आरएस राय के नेतृत्व में लोक अदालत में जिले की सभी तीनों लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा और इसको लेकर अलग-अलग विभाग से जुड़े उच्चाधिकारियों के साथ बैठकों का दौर जारी है। लोक अदालत के दौरान सभी तरह के केसों को शामिल किया जाएगा। इसमें बिजली, पानी, चेक बाउंस, जमीनी विवाद, एमएसीटी, आपराधिक और अन्य विभाग से जुड़े मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जाएगा।
इसके अलावा लड़ाई-झगड़े और यातायात नियमों की अवहेलना के चालानों का तुरंत निपटारा किया जाएगा। जिला कानूनी सेवा अथारिटी के सचिव बलजिंदर सिंह मान ने बताया कि लोक अदालत में शामिल होने वाले केसों से संबंधित विभाग के अधिकारियों से बैठकें जारी हैं और केंद्र और पंजाब सरकार के टेलीफोन, इंश्योरेंस, बिजली, वाटर सप्लाई और सेनिटेशन विभाग आदि के अधिकारियों को 12 मार्च को आयोजित होने वाली लोक अदालत के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया है।