नयागांव। सिंघा देवी कालोनी में एक हफ्ते से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। रविवार को इलाके की महिलाओं ने इकट्ठा होकर जलदाय विभाग का दफ्तर घेरकर नारेबाजी करते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। लोगों ने कहा कि एक हफ्ते से वे 400 रुपये का टैंकर खरीद कर रोजमर्रा का काम कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार इलाके में पानी की सप्लाई वाटर सप्लाई एवं सेनिटेशन विभाग करता है। इलाके में पानी सप्लाई के उपयुक्त संसाधन न होने के कारण हर बार गर्मियों में पानी की समस्या बढ़ जाती है। दशमेश नगर, गोविंद नगर, विकास नगर, जनता कालोनी, सिंघा देवी कालोनी आदि इलाकों में यह समस्या काफी बड़ी है। सिंघा देवी कालोनी के कुछ इलाकों में पिछले एक हफ्ते से पानी नहीं आने से लोग परेशान हो रहे हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
हमारे पास जितने भी ट्यूबवेल हैं। वे लगातार चल रहे हैं लेकिन गर्मी में पानी की मांग बढ़ने के कारण यह समस्या आ रही है। सिंघा देवी के जिस इलाके में पानी की समस्या है, उसे दूर करने के लिए विभाग द्वारा काम करवाया जा रहा था लेकिन स्थानीय लोगों ने उस काम को बंद करवा दिया। इस कारण यह समस्या आ रही है। -राजेंद्र सचदेवा एसडीओ, वाटर सप्लाई एवं सेनिटेशन विभाग मोहाली