डेराबस्सी के मुबारिकपुर रेलवे अंडरपाथ में भरा पानी।
- फोटो : MOHALI
डेराबस्सी। अंबाला-कालका रेलवे लाइन पर फाटक की समस्या से निजात दिलाने के लिए बनाए अंडरपाथ बारिश के दिनों में लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गए हैं। बारिश के दिनों में इन अंडरपाथ में पानी भरने के कारण यह हादसों का सबब बन जाते हैैं।
रेलवे विभाग इन अंडरपाथ में पानी की निकासी का प्रबंध करने में नाकाम है। शनिवार को हुई भारी बारिश के दौरान डेराबस्सी के मुबारिकपुर व जनेतपुर रेलवे अंडरपाथ में पानी भर गया। इनमें निकलते वक्त सारा दिन राहगीर परेशान होते रहे। सुबह के समय पानी ज्यादा भरा होने के कारण यातायात को दोनों अंडरपाथ से निकलना बंद कर दिया था, लेकिन शाम होते ही पानी कम होने के बाद वाहन चालक जान का जोखिम लेकर पानी में से वाहन निकाल रहे थे।
रेलवे विभाग की ओर से डेराबस्सी में से गुजर रही अंबाला-कालका रेलवे लाइन पर फाटक मुक्त करने के लिए गांव जनेतपुर व मुबारिकुपर रेलवे फाटक पर अंडरपाथ का निर्माण किया था। इसके निर्माण के बाद यहां से गुजरने वाले राहगीरों को बार-बार बंद होने वाले फाटकों से बड़ी राहत मिली थी, लेकिन रेलवे विभाग की ओर से यहां पर पानी की निकासी का प्रबंध करने में बड़ी लापरवाही बरती गई है। इस कारण बारिश के दिनों में यहां पर पानी भर जाता है। जो छप्पड़ का रुप धारण कर लेता है। वहीं, समस्या को लेकर ईओ जगजीत सिंह जज ने कहा कि जल्द ही पंप लगाकर पानी निकाल दिया जाएगा।
ट्रैक्टर चालक की डूबने से हो गई थी मौत
बीते दिनों गांव जनेतपुर में अंडरपाथ में भरे पानी में से निकलते हुए एक ट्रैक्टर चालक की डूबने से मौत हो गई थी। इसके बाद गांव वासियों की ओर से लंबा संघर्ष किया गया। इसके बाद प्रशासन ने इन अंडरपाथ में पानी की निकासी का उचित प्रबंध करने का दावा किया था, लेकिन स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है। इसके बाद रेलवे विभाग ने लंबी मांग के बाद मुबारिकपुर में डबल लेन अंडरपाथ बनाया। जहां रेलवे विभाग ने दावा किया था कि यहां पर पानी जमा होने की समस्या नहीं आएगी। इसके लिए विभाग की ओर से हरेक अंडरपाथ पर शेड भी बनाए थे ताकि पानी जमा न हों, लेकिन मुबारिकपुर अंडरपाथ में भी पानी जमा होना शुरू हो गया है।
कैपशन-मुबारिकपुर अंडरपाथ में भरे पानी से निकलते राहगीर।