मोहाली। शहर के उद्योगपतियों की संस्था मोहाली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एमआईए) की सलाना कार्यकारिणी की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। शुक्रवार के एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी चुनने के लिए बुलाई गई बैठक में स्मॉल इंडस्ट्री कैटेगरी में आने वाले उद्योगपतियों द्वारा लार्ज स्केल इंडस्ट्री का प्रधान फिर से बनाए जाने का विरोध करते हुए बैठक का बॉयकाट कर दिया। बैठक के बायकाट करते ही अब एक बार फिर से मोहाली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन दो फाड़ होने के कगार पर खड़ी हो गई है। क्योंकि काफी कई साल से लार्ज स्केल इंडस्ट्रीज कैटेगरी या मीडियम स्केल इंडस्ट्रीज कैटेगरी से संबधित उद्योगपति एसोसिएशन का प्रधान बनता आ रहा है। जबकि स्मॉल इंडस्ट्रीज कैटेगरी के सदस्य एसोसिएशन में बड़ी संख्या में है। वहीं मीडियम स्केल कैटेगरी में 56 और लार्ज स्केल कैटेगरी में सिर्फ 34 सदस्य हैं। हंगामा होने के बाद एसोसिएशन के कुछ सदस्यों ने मिलकर चुनाव को तुरंत पोस्टपोन करवाते हुए मौजूदा टीम को तीन महीने के लिए एक्सटेंशन दे दी। साथ ही स्माल इंडस्ट्री के सदस्यों के साथ बात कर मामला हल करने का एलान किया गया।
बैठक शुरू होते ही लार्ज स्केल इंडस्ट्री के कैटगरी में अनुराग अग्रवाल, राजीव गुप्ता और आईएस छाबड़ा के मुकाबले कोई नहीं आया और इनको सर्वसम्मति से कैटेगरी के लिए चुन लिया गया। सूत्रों के मुताबिक जब स्माल इंडस्ट्री कैटेगरी के सदस्यों को पता चला कि अनुराग अग्रवाल को एसोसिएशन का फिर से प्रधान बनाया जा रहा है तो उनके द्वारा इसका विरोध किया गया। साथ ही हंगामा शुरू हो गया। स्माल इंडस्ट्री कैटेगरी के सदस्यों का कहना था कि पिछले काफी समय से लाज और मीडियम कैटेगरी के सदस्यों को एसोसिएशन का प्रधान बनाया जा रहा है जो कि गलत है। जबकि स्माल इंडस्ट्री कैटेगरी के सदस्यों की संख्या लार्ज और मीडियम से बड़ी है। इसलिए इस बार उनका प्रधान बनाया जाना चाहिए। इसके बाद स्माल इंडस्ट्री कैटेगरी के सदस्यों द्वारा जब कागजात भरे गए तो दो सदस्यों के कागजात रद्द कर दिए गए। इसके बाद माहौल ओर खराब हो गया और स्माल इंडस्ट्री कैटेगरी के सदस्यों ने बैठक का बॉयकाट कर दिया और भवन के बाहर आकर बैठक का विरोध किया।