मोहाली। फेज-3बी1 की जनता मार्केट में शॉपिंग करने आई मां-बेटी का दो महिलाएं पर्स चोरी करके ले गई। पर्स में दस हजार रुपये की नकदी, डेबिट कार्ड और अन्य दस्तावेज थे। आरोपी महिलाओं ने इतने शातिर तरीके से पर्स चोरी किया कि मां-बेटी को इसकी भनक तक नहीं लगी। पीड़ित महिला ने इस संबंधी मटौर थाने में शिकायत दी है। दोनों महिला कैमरे में कैद हो गई हैं। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-80 निवासी गुरशरन कौर ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ जनता मार्केट में गई थी। इस दौरान वह एक दुकान में सामान खरीदने पहुंची। वहां पर दो महिलाएं आई, जिन्होंने एक जैसे कपड़े पहने हुए थे। इस दौरान वह बिल्कुल उनके साथ सटकर खड़ी हो गई और सामान देखने लगी। इस दौरान उनमें से एक महिला ने बड़ी चालाकी से उसके बड़े बैग से पर्स निकाल लिया। इसके बाद वह मौका पाकर वहां से निकल गई। लेकिन उनकी इसकी भनक तक नहीं लगी। जब उन्होंने सामान खरीद लिया और पैसे देने लगी तो उनके बड़े बैग से पर्स गायब था। वह इस दौरान हैरान रह गई। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी देखे तो उसमें दोनों महिलाएं पर्स चोरी करते दिखाई दीं।
इस संबंधी मटौर पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संबंधी शिकायत मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। इस तरह का मामला एक बार पहले भी सामने आया था। उसमें दोषी महिलाएं बाद में पकड़ी गई थी।