जीरकपुर। प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में घुसकर उससे मारपीट करने और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में ढकोली थाना पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी गुरविंदर सिंह का कहना है कि अभी तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हुई है। जबकि शिकायतकर्ता नीरज गुप्ता निवासी सेक्टर-22बी चंडीगढ़ ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी पहचान जसपाल निवासी गांव सिन्नौर जिला पटियाला के रूप में हो चुकी है। जबकि बाकी पांच आरोपी युवक अज्ञात बताए जा रहे हैं जोकि गिरफ्तार किए गए जसपाल के दोस्त हैं।
शिकायतकर्ता नीरज गुप्ता ने बताया कि उसका जीएंडजी बिल्डिंग एंड प्रमोटर्स नाम से प्रॉपर्टी का कारोबार है। उसका किशनपुरा में ढकोली रोड पर दफ्तर है। मंगलवार दोपहर को करीब तीन बजे वह अपने स्टाफ के साथ दफ्तर में मौजूद था। तभी पांच अज्ञात युवक सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी में वहां पहुंचे और दफ्तर में घुसते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। साथ ही डंडे और लोहे की पाइप से उसके केबिन में दाखिल होकर उससे मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट करते हुए उन्होंने उसे धमकाया कि वह लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के सदस्य हैं और अगर उसने यह जमीन खाली नहीं की तो उसे गोली मार देंगे। उन्होंने उसको एक दिन का समय देकर दो करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। इसके बाद सभी हमलावर वहां से फरार हो गए। शिकायतकर्ता नीरज गुप्ता ने बताया कि उसने पहली बार जीरकपुर एरिया में प्रॉपर्टी का कारोबार शुरू किया है। वह मूलरूप से हरियाणा के कैथल के रहने वाले हैं। वहीं उनका किसी के साथ कोई जमीनी विवाद भी नहीं है। उसने तुरंत पुलिस को इस मामले की शिकायत दी। पुलिस ने नीरज गुप्ता की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ धमकी देकर फिरौती मांगने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।