भड़के मजदूरों ने शव को सड़क पर रख लगाया जाम, पुलिस और मजदूरों में चलीं ईंटें
संवाद न्यूज एजेंसी
लालड़ू। थाना हंडेसरा के तहत आने वाले गांव में ज्योली-मलकपुर लिंक सड़क पर एक मिट्टी से भरे टिप्पर चालक ने बैक करते हुए बाइक सवार को कुचल दिया, जबकि मोटरसाइकिल के पीछे बैठे दूसरे साथी ने टिप्पर के डाले से लटक कर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद भड़के मजदूरों ने शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया। इसके बाद शव उठाने पहुंची पुलिस और मजदूरों के बीच खूब ईंटें चलीं और पुलिस को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। पुलिस ने मृतक की पहचान भीम पुत्र फुल सिंह (30) निवासी सिकंदरपुर निकट खतौली, मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के तौर पर बताई है। मृतक महीने पहले ही गांव से भट्ठे पर काम करने आया था और वहीं मजदूरी करता था।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब सवा नौ बजे भीम अपने दूसरे साथी के साथ बाइक पर ज्यौली-मलकपुर लिंक रोड से भट्ठे पर जा रहे थे। भीम बाइक चला रहा था, जबकि छोटे लाल पीछे बैठा था। उनके आगे एक मिट्टी से भरा टिप्पर जा रहा था। इसी समय सामने से एक अन्य टिप्पर आ जाने से जगह कम होने पर टिप्पर चालक ने पीछे देखे बिना टिप्पर पीछे किया तो मोटरसाइकिल सवार भीम कुछ समझ पाता कि टिप्पर बाइक सहित उसके ऊपर चढ़ गया, जबकि बाइक के पीछे बैठे छोटे लाल ने टिप्पर के डाले से लटककर जान बचाई। हादसे की खबर लगते ही निकट भट्ठे के प्रवासी मजदूर महिलाओं सहित घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्रवासी मजदूरों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मजदूरों की मांग थी कि जब तक परिजन नहीं आते वे शव नहीं उठाने देंगे। इसे लेकर पुलिस ने मजदूरों को बहुत समझाने की कोशिश की मगर मजदूर साथी की मौत से गुस्से में थे और अपनी बात पर अड़े थे। देखते ही देखते पुलिस और मजदूरों में बहस शुरू हो गई। इस दौरान दोनों ओर से हुई धक्कामुक्की में कुछ मजदूर नीचे गिर गए। उन्होंने पुलिस पर ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी कथित तौर पर रोड़े फेंके गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल डेराबस्सी की मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन लालड़ू के लिए चल दिए हैं।
कोट
छोटे लाल के बयान पर आरोपी टिप्पर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे काबू कर लिया है। टिप्पर को भी कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा। -मलकीत सिंह, जांच अधिकारी
कोट
हादसे का पता लगने पर मौके पर गया था। पुलिस को ओवरलोड टिप्परों की नियमित जांच के आदेश दिए हैं। इसके अलावा सरकारी स्थानों से उठ रही मिट्टी को ले जाने के लिए छोटी सड़कों के बजाय दूसरे रूट तय करने के बारे में भी कहा है। इसकी रिपोर्ट दो दिनों में मांगी है। -हिमांशु गुप्ता, एसडीएम, डेराबस्सी