मोहाली। शहर में एक बार फिर चोर और स्नैचर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। यह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वारदातें केवल उन्हीं इलाकों में की जा रही हैं, जहां पर पुलिस की उपस्थिति थोड़ी कम रहती है। वहीं, अधिकतर मामलों में घरों के बाहर से बाइक और कारें तक चोरी हो रही हैं। इसके अलावा कुछ इलाकों में झपटमारी के केस आ रहे हैं। पुलिस मामले ने विभिन्न थानों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसके मद्देनजर थाना फेज-1 के अधीन आते इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8 में एक व्यक्ति से मोबाइल स्नैचिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित सुभाष मदनपुरा का रहने वाला है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी मोहाली में नौकरी करता है। शनिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर खाना खाने के लिए जा रहा था। जब वह गुरु नानक स्वीट शॉप इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी के पास पहुंचा तो पीछे से बाइक पर आ रहे दो युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसे धक्का देकर फरार हो गए। उनकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी।
इसी तरह चोरी के दो केस थाना फेज-11 में दर्ज हुए हैं। फेज-1 निवासी विक्रमजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने रात अपनी इंडिका कार घर के सामने पार्क में खड़ी की थी। जब वह सुबह उठा तो उसने देखा कि उसकी कार उक्त जगह पर नहीं थी। इसी तरह सेक्टर-67 निवासी सिमरनजीत सिंह ने बताया कि वह मकान नंबर -2699 में रहता है। उसने बीती रात अपनी महिद्रा थार घर के बाहर पार्क की थी। जब वह सुबह उठा तो उसने देखा कि उसकी गाड़ी चोरी हो गई थी।
वहीं, मनप्रीत सिंह निवासी फेज-11 ने पुलिस को बताया कि बीती रात उसने अपनी बाइक घर के सामने पार्क किया था। जिसे कोई चोरी करके ले गया है। जांच अधिकारी जीत चंद ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जबकि मटौर थाने में सेक्टर-70 निवासी शुभम की शिकायत पर केस दर्ज हुआ है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दीपांकुर नाम का युवक उसके साथ ही किराए के कमरे में रहता था। जब वह सुबह उठे तो उसके कमरे से उसका लैपटॉप, मोबाइल व कुछ नकदी गायब थी। दो दिन से दीपांकुर भी कमरे में नहीं आया। उसे पूरा यकीन है कि वह उसका सामान चोरी करके ले गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।