मोहाली। नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने बुधवार को फेज़-11 के वार्ड नंबर 20 और 21 में सड़कों पर प्रीमिक्स बिछाने का का शुरू करवाया है। उन्होंने बताया कि इस काम पर 35 लाख रुपये की लागत आ रही है और यह काम इसलिए जरूरी था क्योंकि इन सड़कों की हालत काफी खराब थी। प्रीमिक्स बिछाने के बाद इन सड़कों की पूरी रूपरेखा बदल जाएगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस मौके पर उनके साथ नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोहल भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि फेज़-11 में बरसाती पानी की निकासी की समस्या को हल करने के लिए दो करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन डाली जा रही है। पहले यहां के लोग बारिश के मौसम में डर के साए में जीते थे कि कहीं बारिश का पानी उनके घरों में घुसकर नुकसान न कर दे। यह पाइपलाइन पेट्रोल पंप से मंदिर तक और मंदिर से जगतपुरा तक डाली जा रही है। फेज़-11 को बारिश के पानी की मार से बचाने के लिए एक विस्तृत योजना बनाई गई है, जिसके तहत पूरे इलाके का पानी बाबा व्हाइट हाउस के पीछे वाली चोई में छोड़ा जाएगा।
मेयर ने यह भी बताया कि इस योजना के तहत सीवरेज के पानी के ओवरफ्लो की समस्या का भी समाधान किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि चाहे प्राइवेट मदद क्यों न लेनी पड़े, इस बार बारिश के मौसम में पानी से किसी को कोई नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से इस क्षेत्र में कार्यालय भी खोला गया है, जिससे लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोग पिछले 35 वर्षों से उनके साथ परिवार की तरह जुड़े हुए हैं और उनकी हर छोटी-बड़ी समस्या को हल करना उनका कर्तव्य है, जिसे वे पूरी ईमानदारी से निभा रहे हैं।