नयागांव। इलाके में एक बुजुर्ग के खाते से किसी शातिर ने 53 हजार 555 रुपये निकालकर उन्हें चूना लगा दिया। शातिर ने 6 बार एटीएम मशीन से पैसे निकाले और एक पेट्रोल पंप पर भी पेट्रोल भरवाया। बुजुर्ग ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है।
जानकारी के मुताबिक सिंघा देवी निवासी शिवराम पीजीआई चंडीगढ़ से सेवानिवृत्त हैं। उनके पास एसबीआई बैंक का एटीएम कार्ड है। रविवार को उनके खाते में लगभग 54 हजार रुपये थे। घर पर नकद पैसे की जरूरत होने के कारण उन्होंने अपने बेटे नरेश कुमार को एटीएम से पैसे निकालने के लिए भेजा था। यहां पर आरोपी पहले से ही खड़ा था और उसने नरेश कुमार को कहा कि यह एटीएम नहीं चल रहा है। आप अपने कार्ड से पैसे निकाल कर एक बार चेक कर लें। इस पर नरेश कुमार ने मशीन में अपना कार्ड लगाकर पिन नंबर डाला। आरोपी ने चुपके से नरेश के कार्ड का पिन देख लिया और झांसा देकर उसका एटीएम कार्ड भी बदल लिया। कुछ देर बाद बुजुर्ग के उस समय होश उड़ गए जब उनके मोबाइल पर पैसे निकालने के बार-बार मैसेज आने लगे। उन्होंने शिकायत बैंक के कस्टमर केयर पर दी, लेकिन तब तक आरोपी पूरा खाता खाली कर चुका था।
शिवराम ने बताया कि आरोपी ने खाते से 4 बार 9-99 हजार और दो बार दो-दो हजार रुपये निकाले हैं। पेट्रोल पंप पर 13 हजार 555 रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने इसकी शिकायत एसएसपी मोहाली को दे दी है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी क्राइम राजेश कुमार ने बताया कि एसएसपी ऑफिस से अभी उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।