जीरकपुर। बुधवार को बलटाना के एकता विहार में डायरिया के 24 नए केस दर्ज किए गए हैैं। इसके साथ दूषित पेयजल से बीमार होने वालों का आंकड़ा 247 पहुंचा गया है। वहीं अब तक डायरिया से दो लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर जाकर लगातार लोगों को डायरिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है और दवा वितरित की जा रही है। साथ ही बीमार होने वालों को ढकोली के अस्पताल में उपचार के लिए भेजा जा रहा है। वहीं जहां पर पानी के पाइप लाइन की लीकेज थी, उसके सही करने का काम बुधवार को बिजली कट लगने के कारण नहीं हो पाया। अभी लोगों को पीने का पानी नगर परिषद की ओर से टैंकर के माध्यम से मुहैया करवाया जा रहा है।
पानी का टैंकर नहीं पहुंचा तो खरीदकर पीने लगे पानी
बलटाना एकता विहार निवासी भारत भूषण ने बताया कि उनके घर के पास पानी का टैंकर नहीं पहुंच रहा है, मजबूरन बाहर से खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उनके घर में चार लोग डायरिया पीड़ित हैं। भारत भूषण ने बताया कि पानी के पाइप लाइन को नगर परिषद ने सही करवा दिया है, लेकिन अभी क्लोरिशनेशन चलते 24 घंटे तक कॉलोनी वासियों को पानी पीने के लिए मना किया गया है। इसके अलावा भारत भूषण ने बताया कि अभी भी सीवरेज का पाइप लाइन नगर परिषद ने नहीं सही करवाया है, नतीजा सीवरेज लीक कर रहा है। ऐसे ही रहा तो आने वाले समय में लोगों को और ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।