मोहाली। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की निदेशक डॉ. हितिंदर कौर ने सोमवार को जिला अस्पताल का दौरा कर सीएम सेहत योजना के लागू किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही इस संबंधी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजना के तहत बनाए जा रहे स्वास्थ्य बीमा कार्डों के पंजीकरण और कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को और तेज करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ मिल सके।
डॉ. हितिंदर कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के अंतर्गत पंजाब सरकार की ओर से 10 लाख रुपये तक का मुफ्त, कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य बीमा कार्ड अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कार्ड बनवाने के दौरान आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी या अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान निदेशक ने अस्पताल में मरीज पंजीकरण व्यवस्था, लाभार्थियों की पहचान एवं सत्यापन प्रणाली तथा योजना से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच तालमेल की स्थिति का आकलन भी किया गया।
इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में मरीजों की संख्या और योजना के अंतर्गत भर्ती होने वाले मरीजों से संबंधित विस्तृत जानकारी भी ली। निदेशक ने एम्स मोहाली और जिला अस्पताल मोहाली के बीच बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अंतर-विभागीय तालमेल बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए, क्योंकि यह स्वास्थ्य बीमा कार्ड पंजाब के प्रत्येक नागरिक की बेहतर सेहत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।