जीरकपुर। शहर की प्रमुख पटियाला स्लिप रोड इन दिनों अवैध कब्जों और अव्यवस्थित यातायात की वजह से लोगों के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है। सड़क पर मैकेनिकों द्वारा खड़ी की गई पुरानी और खराब बाइकें तथा दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण यहां हर समय जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। हालात यह हैं कि वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है, लेकिन नगर परिषद इस समस्या को दूर करने में पूरी तरह नाकाम नजर आ रही है। पटियाला स्लिप रोड पर लंबे समय से हो रहे अतिक्रमण को लेकर पहले भी लोगों ने आवाज उठाई है, लेकिन अभी तक हालात नहीं सुधरे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के एक हिस्से पर लंबे समय से सैकड़ों पुरानी बाइकें खड़ी हैं, जिन्हें मैकेनिक मरम्मत के नाम पर सड़क पर ही छोड़ देते हैं। दूसरी ओर दुकानदारों ने सड़क तक अपने शेड, सामान और डिस्प्ले बोर्ड फैला रखे हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई लगभग आधी रह गई है। इसके चलते सुबह और शाम के समय यहां जाम की स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
नगर परिषद के कर्मचारियों को दफ्तरों से बाहर निकलकर जमीनी हालात देखने चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं राजीव कक्कड़ ने बताया कि दुकानदारों ने सड़क का आधा हिस्सा कब्जा कर रखा है, जिससे पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं बची है। - गुरविंदर सिंह
स्लिप रोड पर खड़ी पुरानी बाइकें अधिकतर मैकेनिकों की हैं, जिन्हें वे दुकान के भीतर रखने की बजाय सड़क पर खड़ा कर देते हैं। इससे यातायात बाधित होता है, लेकिन नगर परिषद को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। - प्रकाश सिंह
समय रहते इस अव्यवस्था पर लगाम नहीं लगाई गई तो हालात और बिगड़ेंगे। जीरकपुर की अधिक सड़कों पर अतिक्रमण हो रहा है। नगर परिषद सभी सड़कों को जल्द से जल्द कब्जामुक्त कराया जाए, ताकि वाहन चालकों और पैदल यात्रियों दोनों को राहत मिल सके।- धर्मवीर सिंह
शहर की सभी सड़कों पर अतिक्रमण नगर परिषद की मिलीभगत से हो रहा है। अगर नगर परिषद चाहे तो कोई भी दुकानदार अपना सामान सड़कों पर नहीं रख सकता है। क्योंकि सड़क किसी की निजी संपत्ति नहीं है। - अशोक सिंह
पटियाला स्लिप रोड पर स्थायी रूप से खड़ी बाइकों को जल्द हटाया जाएगा, ताकि शहर का यातायात प्रभावित न हो।- परविंदर सिंह भट्टी, ईओ, नगर परिषद