बिजली के खंभों पर झूलते टेलिकॉम कंपनियों के तार जल्द हटेंगे
नगर निगम के डिप्टी मेयर ने पीएसपीसीएल से आरटीआई के तहत मांगी जानकारी
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। बिजली के खंभों पर झूलती विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों की तारें शहर के लिए मुुसीबत बन गई हैं। इससे जहां इलाके की सुंदरता पर ग्रहण लग रहा है। वहीं, हादसों का डर भी बना हुआ है। हालांकि विभाग कंपनियों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
इस मामले में अब नगर निगम के डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेेदी ने पीएसपीसीएल से सूचना के अधिकार समेत इस संबंधी जानकारी मांगी है। जब उनके पास इस संबंधी जानकारी आ जाएगी। इसके बाद नगर निगम द्वारा अपने स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
आरटीआई में पूछा है कि इलाके के विभिन्न फेजों व सेक्टरों पर लोगों को बिजली की सप्लाई मुहैया करवाने के लिए कितने खंभे लगाए गए हैं। इसके अलावा बिजली के खंभों पर तार डालने संबंधी दी गई मंजूरी संबंधी दस्तावेज मुहैया करवाए जाएं। विभाग को इससे हुई आमदन के बारे में भी जानकारी मांगी गई है।
बलौंगी में बिजली के तार दे रही हैं हादसों को न्योता
इलाके के प्रवेश द्वारा पर बसे गांव बलौंगी में बिजली के झूलते तार ही लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। यहां पर बिजली के तार बिल्कुल लोगों के घरों के पास से निकल रहे हैं। ऐसे में हर समय हादसों का खतरा रहता है। इतना ही नहीं, इस वजह से कई बार हादसे तक हो चुके हैं। जिला शिकायत निवारण कमेटी में शामिल बलबीर प्रेमी का कहना है कि इलाके में झूलते तारों के मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और इस दिशा में उचित कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि लोगों को दिक्कत न उठानी पड़े।