नयागांव। पटियाला की राव नदी में बुधवार को टैक्सी में बही लड़की का शव मिलने के बाद तीसरे दिन शुक्रवार सुबह टैक्सी चालक का शव बरामद हुआ। यह शव जिस जगह मिला था, उससे सौ मीटर की दूरी पर बरामद हुआ। परिजनों ने शव की शिनाख्त बेटे गौरव के रूप में की। वहीं दूसरी तरफ मृत युवती का पिंजौर पुलिस ने पोस्मार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
बुधवार को नयागांव के गांव टांडा में पानी के तेज बहाव में टैक्सी के बह गई थी। टैक्सी में तीन व्यक्तियों के सवार होने का अंदेशा था लेकिन दो शव मिलने के बाद यह साफ हो गया है कि गाड़ी में सिर्फ दो लोग ही थे। कार चालक गौरव का पोस्टमार्टम न होने के कारण उसके शव को चंडीगढ़ के अस्पताल में रखा गया है। अब उसका शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पानी में डूबने से हुई पूजा की मौत
शुक्रवार को पिंजौर निवासी पूजा का पोस्टमार्टम सेक्टर-16 चंडीगढ़ अस्पताल में किया गया है। अस्पताल सूत्रों की मानें तो पूजा की मौत पानी में डूबने की वजह से हुई है। उसके शरीर पर बाहर से कोई चोट के निशान नहीं थे। युवती से दुष्कर्म की पुष्टि भी नहीं हुई है लेकिन पानी में बहने के कारण शरीर में आंतरिक चोटें जरूर आई हैं। इसकी विस्तृत जानकारी दो दिन बाद आने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी। वही डॉक्टरों की टीम ने विसरा जांच के लिए उसका सैंपल ले लिया है। उसमें मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
अतिरिक्त कमाई के लिए खरीदी थी गाड़ी
पानी के तेज बहाव में बहने वाली टैक्सी कार 15 जून को खरीदी गई थी। यह कार श्री मुक्तसर निवासी राकेश कुमार के नाम पर थी। राकेश कुमार का बेटा नितिन मोहाली की एक निजी कंपनी में जॉब करता है। उसने ही अतिरिक्त कमाई के लिए गाड़ी खरीदी थी। उसके कागजात तैयार करने में कुछ समय लग गया था। अभी करीब एक हफ्ते से ही उसने यह गाड़ी टैक्सी में चलाई थी। नितिन ने बताया कि गौरव उसका दोस्त था। उसे काम की जरूरत थी इसलिए दो ड्राइवर मिलकर दिन एवं रात में अलग-अलग समय पर गाड़ी चलाते थे।
कोरोना रिपोर्ट आने पर होगा टैक्सी चालक का पोस्टमार्टम
अस्पताल सूत्रों के अनुसार गौरव का पोस्टमार्टम कोरोना की रिपोर्ट न आने के कारण शुक्रवार को टाल दिया गया। अगर मृतक गौरव की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आती है तो उसका पोस्टमार्टम कोरोना प्रोटोकॉल के हिसाब से किया जाएगा। गौरव के परिजन श्री मुक्तसर साहिब से चंडीगढ़ आए हुए हैं। उन्हें उम्मीद थी कि पोस्टमार्टम के बाद आज गौरव का शव उन्हें सौंप दिया जाएगा और वह शव लेकर श्री मुक्तसर साहिब वापस चले जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। आज कोरोना रिपोर्ट आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
गाड़ी में सवार तीसरे व्यक्ति पर संशय बरकरार
घटना के बाद से ही ग्रामीणों की तरफ से दावा किया जा रहा था कि गाड़ी में तीन लोग सवार थे लेकिन पूजा के परिजनों के अनुसार उसने अकेले ही मोहाली से टैक्सी बुक की थी। वही गाड़ी मालिक की तरफ से भी कहा जा रहा है कि गाड़ी को ऑनलाइन बुक किया गया था। सवारियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस सूत्रों की माने तो थाने में दोनों परिवारों के अलावा किसी भी तीसरे व्यक्ति के परिजन ने कोई संपर्क नहीं किया गया है। पुलिस ने आसपास के थानों से संपर्क किया है लेकिन तीसरे व्यक्ति के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल रही है। पिछले दो दिनों में पटियाला की राव नदी से दो शव ही बरामद किए जा सके हैं इसलिए गाड़ी में तीसरे व्यक्ति के होने पर अभी भी संशय बरकरार है।