मोहाली। गांव बड़माजरा में हुई फाइनेंसर बंटी शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को केस नामजद कर लिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश में चार टीमें दबिश दे रही है। बलौंगी थाने के प्रभारी पी गरेवाल ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि वारदात में शामिल सारे आरोपी काबू कर लिए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक फाइनेंसर दीपक शर्मा की मंगलवार रात उस समय हत्या कर दी गई थी जब इलाके के किसी युवक का झगड़ा हो गया था। युवक ने फोन कर उसे मदद के लिए बुलाया था। जैसे ही वह वहां पर पहुंचा था तो उस पर घात लगाकर कुछ आरोपियों ने हमला कर दिया था। आरोपियों ने उस पर राड, डंडे व ईंटों से हमला कर दिया। इस दौरान वह बुरी तरह से घायल हो गया था। इसके बाद उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर जब वहां लोग जुटे तो आरोपी मौके से फरार हो गए थे। गंभीर हालत में उसे पीजीआई ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप था कि गैंगस्टर लॉरेंस के गुर्गे ने उसकी बेटे की हत्या करवाई है। वह उसे फोन पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था। उनकी तरफ से पुलिस को मोबाइल नंबर भी मुहैया करवाए गए थे।