डेराबस्सी। पावरकॉम की ओर से कामर्शियल उपभोक्ताओं के पुराने मीटरों को बदलकर उनकी जगह स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इनके लगने के बाद पावरकॉम को इन मीटरों की रीडिंग लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बल्कि स्मार्ट मीटरों की मदद से उनको दफ्तर में बैठकर ही खपत संबंधी जानकारी मिल जाएगी।
पावरकॉम के एसडीओ अमनप्रीत सिंह मावी ने बताया कि पहले चरण में तीन किलोवाट लोड तक के मीटर बदले जा रहे हैं। पहले चरण के दौरान फैक्टरियां, आटा चक्की और दुकानें शामिल की गई हैं। डेराबस्सी में ऐसे करीब 800 मीटर हैं। इसके अलावा मुबारिकपुर में 300 मीटर पुराने लगे हुए हैं। इनको बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। फोकल प्वाइंट में कुछ पुराने मीटर बदल दिए गए हैं। एसडीओ मावी ने बताया कि इन मीटर के लगने के बाद जहां उनको कार्यालय में बैठकर ही खपत के बारे में जानकारी मिल जाएगी, वहीं कर्मियों की कमी से जूझ रहे पावरकॉम को अब खपत जानने के लिए रीडिंग स्टाफ की जरूरत नहीं पड़ेगी, इससे उनको बड़ी राहत मिलेगी।