खरड़। यूक्रेन में डाक्टरी की पढ़ाई करने गए विद्यार्थियों के परिजनों के साथ एसडीएम एवं तहसीलदार खरड़ की ओर से घर जाकर बातचीत की गई। खरड़ के एसडीएम अविकेश गुप्ता पीसीएस ने बताया कि सब डिवीजन खरड़ के चार विद्यार्थियों की सूची पंजाब सरकार से मिली थी। इनमें से गगनप्रीत सिंह और केशव सिंगला दो विद्यार्थी हंगरी और तीसरा छात्र दविंदर सिंह पोलैंड पहुंच चुका है। एसडीएम को छात्रा रितिका के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी अभी भी खारकीव में ही है और उसने आज ट्रेन से रवाना होना है और जो विद्यार्थी पोलैंड और हंगरी पहुंच चुके हैं, उनसे वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि सरकार से जिन विद्यार्थियों संबंधी सूची मिली है उनके परिवारों के साथ तालमेल किया जा रहा है।
उन्होंने सब डिवीजन खरड़ के कस्बों और गांवों वालों से अपील ही है कि यदि किसी भी परिवार का कोई बच्चा यूक्रेन में पढ़ाई के लिए गया हुआ है तो इसकी जानकारी एसडीएम दफ्तर खरड़ में दें, जिससे इसकी रिपोर्ट सरकार को भेजी जा सके।