जीरकपुर। शहर में जाम की समस्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसके चलते शुक्रवार को एसडीएम डेराबस्सी ने पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और एनएचआईए के अधिकारियों के साथ शहर का दौरा किया और रूट प्लान बनाने के लिए अधिकारियों के साथ बातचीत की। एसडीएम ने कहा कि 15 दिन के अंदर ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए रूट प्लान बनाया जाएगा।
वहीं, दूसरी ओर शहर को जाम मुक्त करने के लिए दो फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं। इसका काम भी घग्गर पुल के नजदीक से शुरू कर दिया गया है। स्लिप रोड पर बनी ड्रेन को तोड़कर स्लिप रोड को चौड़ा किया जा रहा है ताकि फ्लाईओवर के निर्माण के चलते पूरा ट्रैफिक इस स्लिप रोड पर कनवर्ट किया जा सके। इसके लिए रूट प्लान भी बनाना शुरू कर दिया गया है। एसडीएम डेराबस्सी के साथ डीएसपी एनएस माहल, एसएचओ ओंकार सिंह बराड़, ट्रैफिक इंचार्ज इंस्पेक्टर सुखदीप सिंह, एनएचआईए के अधिकारी और नेशनल हाईवे की देखरेख करने वाली जीएमआर कंपनी के अधिकारी इकबाल सिंह भी मौजूद थे।
यहां पर किया जाएगा बदलाव
एसडीएम डेराबस्सी ने बताया कि जाम की समस्या से निपटने के लिए कई बदलाव किए जा रहे हैं। जैसे कि मैकड़ी चौक को बंद कर 200 फीट रोड से नया कट बनाया जाएगा ताकि गलत दिशा से आने वाले वाहन इस ओर न आएं। इसके अलावा यहां बैरिकेड्स लगाकर रूट डायवर्ट किया जाएगा। फ्लाईओवर के नीचे हाईवे पर लोहगढ़ एरिया को जाने वाले रोड के सामने एक कट बनाया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि पटियाला रोड से यू टर्न लेने वाले वाहनों को चौक पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वह पहले ही मुड़ जाएंगे। इससे पटियाला चौक पर लगने वाले जाम से राहत मिल जाएगी। फ्लाईओवर की देखरेख करने वाली कंपनी जीएमआर को फ्लाईओवर के नीचे सफाई करने के आदेश भी दिए हैं। इसके साथ एसडीएम डेराबस्सी स्वाति टिवाणा की ओर से नगर काउंसिल जीरकपुर को आदेश दिए गए हैं कि यदि कोई भी व्यक्ति फ्लाईओवर के नीचे कूड़ा फेंकता है तो उसका चालान किया जाएगा।
कोट्स....
काफी दिनों से जाम की समस्या को लेकर शिकायत की जा रही थी। इसके बाद पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और एनएचआईए के अधिकारियों को साथ लेकर शहर का दौरा किया गया है। जाम की समस्या का हल करने के लिए जहां-जहां बदलाव करने की जरूरत पड़ेगी। उन प्वाइंट को चयनित करके उन पर विचार किया जा रहा है और यह कार्य 15 दिन के अंदर अंदर पूरा कर लिया जाएगा।
-स्वाती टिवाणा, एसडीएम हलका, डेराबस्सी