गन प्वाइंट पर तीन कार लूटने वाला लुटेरा गिरफ्तार, 18 तक रिमांड पर भेजा
फिरोजपुर निवासी आरोपी से तीन पिस्टल, एक देसी कट्टा और 15 कारतूस बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली/खरड़। पिछले साल नवंबर और दिसंबर में मोहाली में गन प्वाइंट पर तीन कार लूटने की वारदात में शामिल लुटेरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसके पास से तीन पिस्टल, एक कट्टा और 15 कारतूस बरामद किए हैं। इसकी पहचान अरविंद उर्फ बौदी निवासी फिरोजपुर के रूप में हुई है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ सोहाना, मटौर और फेस-11 में गन प्वाइंट पर कार लूटने के केस दर्ज हैं। वहीं फाजिल्का और खरड़ में भी उस पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसको मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। जज ने उसको 18 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने गुप्त सूचना पर आरोपी अरविंद को खरड़ के इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके कब्जे से .32 बोर की तीन पिस्टल, दस कारतूस और एक .315 बोर के कट्टे के साथ पांच कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस उससे पता लगा रही है कि आरोपी यह अवैध हथियार कहां से लेकर आया था और आगे इन्हें कहां पर सप्लाई करने के लिए जा रहा था। इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी इन हथियारों को लेकर अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर किसी बड़ी लूट या अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था। पुलिस आरोपी से पूछताछ में यह सब पता लगाएगी।
कार लूट की इन वारदातों में शामिल था आरोपी
एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने बताया कि पिछले साल 8, 24 और 25 नवंबर को सोहाना, फेस-11 और मटौर थाना एरिया में गन प्वाइंट पर कार लूट की वारदातों को अंजाम देने में आरोपी अरविंद उर्फ बौदी शामिल रहा है। पुलिस ने इन वारदातों को अंजाम देने वाले कई आरोपियों को काबू किया था, लेकिन अभी तक अरविंद को पुलिस नहीं पकड़ पाई थी।