जीरकपुर। शहर के लोगों को सड़कों की खस्ता हालत से होने वाली परेशानी से निजात मिलने वाली है। स्थानीय प्रशासन ने सड़कों का नवीनीकरण करने का फैसला लिया है। हाउस द्वारा पारित प्रस्ताव में करीब 20 करोड़ रुपये सड़क निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। यह जानकारी नगर परिषद प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने दी।
अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित जीरकपुर में लाखों लोग रहते हैं। राहगीरों को आए दिन इन सड़कों से गुजरना पड़ता है। लोग कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। सबसे ज्यादा परेशानी सड़कों की खस्ताहाल से होती है। शहर की सड़कों की हालत लंबे से खराब है। बार-बार शिकायतें देने के बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। अगर अधिकारी कार्रवाई भी करते हैं तो पैचवर्क करवाकर खानापूर्ति कर दी जाती है।
इंटरलॉकिंग टाइलें भी उखड़ीं
बलटाना क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने बताया कि अधिकतर कॉलोनियों में लगीं इंटरलॉकिंग टाइलें उखड़ चुकी हैं। टाइलें उखड़ने से पड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो जाता है। गड्ढों में पानी भरा होने की वजह से आवाजाही के दौरान लोगों को परेशानी तो होती ही है, साथ ही कई बार हादसों का शिकार भी हो जाते हैं। ढकोली-पीरमुछल्ला सड़क पर स्थित हिल व्यू और विक्टोरिया हाइट्स के बाहर की सड़कें पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।
शहर की सड़कों का कायाकल्प करने का फैसला लिया गया है। इसके लिए प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। 20 करोड़ रुपये से सड़कों की हालत सुधारी जाएगी। कुछ दिनों में सड़कों के नवीनीकरण का काम शुरू करवा दिया जाएगा। -उदयवीर सिंह ढिल्लों, प्रधान, नगर परिषद जीरकपुर।