डेराबस्सी। शहर की सड़कों पर हर समय दौड़ते ऑटो चालक सरेआम यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इन पर काबू पाने में ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। ऑटो चालकों की ओर से नियमों की अनदेखी के कारण यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं हर समय हादसों का खतरा बना रहता है।
जानकारी के मुताबिक शहर में बाहर से आनी वाली सवारियां बसों के जरिए बस स्टैंड पर तो पहुंच जाती हैं। लेकिन आसपास के गांवों, कॉलोनियों सहित अन्य जगह जाने के लिए सवारियां ऑटो पर निर्भर रहती हैं। इसके अलावा डेराबस्सी से नजदीकी गांवों सहित जीरकपुर, लालड़ू सहित अन्य जगह के लिए भी सवारियां ऑटो पर ही निर्भर रहती हैं। इसके चलते शहर के चंडीगढ़-अंबाला हाईवे और बरवाला रोड सहित गांवों को जाने वाली लिंक सड़कों पर हर समय ऑटो दौड़ते रहते हैं। लेकिन ऑटो चालक यातायात नियमों की पालना नहीं करते। इस कारण यहां हादसों का खतरा रहता है। मुख्य मार्ग पर बस स्टैंड के पास और बरवाला मार्ग पर ऑटो चालक सड़कों के बीच रोक कर सवारियां बैठाते हैं। इसके अलावा इन ऑटो के खड़े होने के लिए कोई भी पक्का स्टैंड नहीं है। इस कारण ऑटो सड़कों के किनारे खड़े होकर यातायात में बाधा पैदा करते हैं। बता दें कि शहर के हाईवे पर बस स्टैंड के पास और बरवाला मार्ग पर पुराने बिजली शिकायत केंद्र के पास यह ऑटो यहां पर डेरा जमाए खड़े रहते हैं। यह सवारियों को बैठाने के लिए सड़कों पर यातायात की परवाह किए बिना ही सड़कों के बीचोंबीच वाहन रोक लेते हैं। इसके अलावा एक दूसरे से पहले सवारियां बैठाने के लिए बसों के रुकने के साथ ही ऑटो चालक मुख्य मार्ग पर पहुंच जाते हैं। इस कारण जाम की स्थिति पैदा होती है।
इस मामले में स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से इन ऑटो के खड़े होने के लिए पक्का ऑटो स्टैंड बनाने की मांग की है। इसके अलावा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ ऑटो चालकों को जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस बारे में संपर्क करने पर डीएसपी डेराबस्सी गुरबख्शीश सिंह ने कहा कि जल्द ही ऑटो चालकों के साथ बैठक करके इनको यातायात नियमों का पालना करने की हिदायत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमों कि अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को हिदायत दी जाएगी।