पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की तरफ से सोमवार को कक्षा आठवीं और दसवीं की परीक्षा का सालाना परिणाम घोषित कर दिया गया। दसवीं कक्षा के रिजल्ट में बेटियों ने बाजी मारी है। दसवीं का परीक्षा परिणाम 99.93 फीसदी रहा है। परीक्षा में तीन लाख 21 हजार 384 छात्र अपीयर हुए थे। इसमें से तीन लाख 21 हजार 163 छात्रों ने परीक्षा पास की है। ग्रामीण क्षेत्र का परिणाम शहरी क्षेत्र से बढ़िया रहा है।
इसी तरह आठवीं की परीक्षा में तीन लाख सात हजार 272 छात्र अपीयर हुए थे। इसमें से तीन लाख छह हजार 894 छात्र पास हुए। बोर्ड की तरफ से ऑन लाइन परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया गया। इस मौके पर बोर्ड के चेयरमैन प्रो़ योगराज, सेक्रेटरी मोहम्मद तैय्यब आईएएस और परीक्षा कंट्रोलर जनक राज महरोक हाजिर रहे। उन्होंने साफ किया कि छात्र अपना रिजल्ट मंगलवार सुबह आठ बजे से बोर्ड की वेबसाइट
www.pseb.ac.in से देख पाएंगे।
बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा परिणाम में छात्रों को ग्रेड के साथ नंबर दिए गए हैं। जो छात्र 33 फीसदी नंबर नहीं ले पाए हैं उन्हें फेल कर दिया गया है। जो छात्र दो पेपरों में फेल हुए हैं। उन्हें कंपार्टमेंट दी गई। परीक्षा परिणाम असेसमेंट के आधार पर निकाला गया है। जो छात्र चाहते है कि वह अपने नंबर बढ़ाएं, उनको बोर्ड की तरफ से स्पेशल मौका दिया जाएगा। जिसमें छात्र पेपर दे पाएंगे। बोर्ड की तरफ से जल्दी सर्टिफिकेट डीजी लॉकर पर अपलोड किए जाएंगे। छात्र वहां से अपने सर्टिफिकेट डाउनलोड कर पाएंगे। बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि देश में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड पहला बोर्ड बन गया है, जिसने कोविड काल में रिजल्ट घोषित कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस बार भी मेरिट घोषित नहीं की गई है।