मोहाली। कोरोना महामारी के प्रति लोगों को जागरूक करने व उनके मनों से टीकाकरण के डर को दूर करने में इलाके के धार्मिक स्थान भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। लोग कोरोना दिशानिर्देशों को गंभीरता से समझे, इसके लिए धार्मिक स्थलों से रोज सुबह-शाम इस संबंधी मुनादी करवाई जाती है।
इतना ही नहीं, सेहत विभाग भी पहले दिन से ही धार्मिक स्थलों से संपर्क कर कोरोना टीकाकरण कैंप लगा रहा है। यह मुहिम इतनी कामयाब हुई है कि 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण में मोहाली पूरे राज्य में टॉप पर पहुंच गया है जबकि 12 साल के बच्चों से लेकर 18 साल के लोगों के लिए भी टीकाकरण मुहिम भी सफलतापूर्वक चल रही है।
मंदिर में कई बार टीकाकरण कैंप लगाए
कोरोना महामारी से बचने का सबसे बड़ा तरीका टीकाकरण है। इस चीज की समझते हुुए हमने फेज-3बी1 स्थित श्री लक्ष्मी नारायण हनुमान मंदिर में कई बार टीकाकरण कैंप आयोजित किए। मंदिर कमेटी का इसमें पूरा सहयोग रहा है। नतीजा यह हुआ कि जब तीसरी लहर आई तो हमारे एरिया में कम मरीज आए। -आचार्य जगदंबा प्रसाद रतूड़ी, प्रधान केंद्रीय पुजारी परिषद
मंदिर से चलाया जागरुकता मुहिम
मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए गेट से लेकर अंदर भगवान के मंदिर वाले कमरों के बाहर जागरुकता नोटिस लगाए हैं। साथ ही मंदिर में शिविर आयोजित करके लोगों का टीकाकरण किया गया। मंदिर के अंदर अब ऐसा माहौल है कि श्रद्धालु एक-दूसरे को टीकाकरण को लिए जागरूक करते रहते हैं। -आचार्य श्री प्रकाश, फेज-3बी1
बीमारी के प्रति लोगों को किया जागरूक
बीमारी कभी भी कोई जाति एवं धर्म देखकर नहीं आती है। जिस तरह से हम अपने धर्म का प्रचार करते हैं, उसी तरह से समाज के लोगों को बीमारी से बचाने के लिए प्रचार करना चाहिए। कोरोना महामारी के लिए जो टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, उसके लिए हम समाज के लोगों को प्रेरित करते हैं। सभी लोगों को टीकाकरण कराना चाहिए। -मौलाना सैयद अहमद, नयागांव
जब शरीर तंदुरुस्त होगा तभी कर पाएंगे पूजा
महामारी के दौर में सभी धार्मिक स्थल बंद हो गए थे। लोगों की जान बड़ी मुश्किल से बच पाई है। भगवान की पूजा भी हम तभी कर सकते हैं जब हमारा शरीर स्वस्थ रहेगा। हम मंदिर से इलाके के सभी लोगों को टीकाकरण के लिए अपील करते हैं। मंदिर में टीकाकरण के लिए कई बार कैंप भी लगाए जा चुके हैं। -पंडित संतोष गोस्वामी, नयागांव